Thursday, November 3, 2016

अध्याय-4, श्लोक-7

यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत ।
अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्‌ ॥ ७ ॥
हे भरतवंशी! जब भी और जहाँ भी भी धर्म का पतन होता है और अधर्म की प्रधानता होने लगती है, तब तब मैं अवतार लेता हूँ।
************************************
जब जब होती धर्म की हानि
होने लगे सज्जनों को परेशानी।
धर्म धरा से सिमटने लगे और
अधर्मी करे जब अपनी मनमानी।।

तब तब हे भारत! अपने धाम से
इस धरा पर मैं अवतरित होता।
धर्म की हानि व अधर्म की वृद्धि
ऐसा अधिक समय नहीं  रहता।।

Wednesday, November 2, 2016

अध्याय-4, श्लोक-6

अजोऽपि सन्नव्ययात्मा भूतानामीश्वरोऽपि सन्‌ ।
प्रकृतिं स्वामधिष्ठाय सम्भवाम्यात्ममायया ॥ ६ ॥
यद्यपि मैं अजन्मा तथा अविनाशी हूँ और मैं समस्त जीवों का स्वामी हूँ, तो भी प्रत्येक युग में में अपने आदि दिव्य रूप में प्रकट होता हूँ।
*****************************
यद्यपि मेरा कभी जन्म नही होता 
न ही कभी मेरा विनाश होता है।
मैं ही समस्त जीवों का स्वामी हूँ 
मुझे कोई नियंत्रित नहीं करता है।।

इस सृष्टि का नियंता हूँ मैं फिर भी 
इसी सृष्टि में ही अवतरित होता हूँ।
हर युग में ही अपने आदि रूप को 
इस धरा धाम पर प्रकट करता हूँ।।

अध्याय-4, श्लोक-5

श्रीभगवानुवाच
बहूनि मे व्यतीतानि जन्मानि तव चार्जुन ।
तान्यहं वेद सर्वाणि न त्वं वेत्थ परन्तप ॥ ५ ॥
श्रीभगवान ने कहा-तुम्हारे तथा मेरे अनेकानेक जन्म हो चुके हैं। मुझे तो उन सबका स्मरण है, किंतु हे परंतप! तुम्हें उनका स्मरण नही रह सकता।
**************************************
श्रीभगवान ने कहा अर्जुन से कि 
यह जन्म प्रथम जन्म नहीं हमारा।
इससे पहले भी कितनी ही  बार 
हो चुका जन्म मेरा और तुम्हारा।।

मुझे हर जन्म का स्मरण है रहता 
मेरी दृष्टि से कुछ भी नही छुपता।
हे परंतप! तुम्हारे लिए यह नया है 
क्योंकि तुम्हें सब याद नही रहता।।

अध्याय-4, श्लोक-4

अर्जुन उवाच
अपरं भवतो जन्म परं जन्म विवस्वतः ।
कथमेतद्विजानीयां त्वमादौ प्रोक्तवानिति ॥ ४ ॥
अर्जुन ने कहा-सूर्यदेव विवस्वान आप से पहले हो चुके (ज्येष्ठ) हैं, तो फिर मैं कैसे समझूँ कि प्रारम्भ में भी आपने उन्हें इस विद्या का उपदेश दिया था।
******************************************
अर्जुन कर रहे जिज्ञासा प्रभु से कि 
कैसे समझूँ मैं आपकी यह बात।
आप जो कह रहे हैं कि सर्वप्रथम 
यह उपदेश बाँटा सूर्यदेव के साथ।।

सूर्यदेव का जन्म तो आज का नही 
वे तो उत्पन्न सृष्टि के प्रारम्भ में हुए।
और आपका जन्म तो अभी हुआ है 
फिर आपने उपदेश उनसे कैसे कहे?

अध्याय-4, श्लोक-3

स एवायं मया तेऽद्य योगः प्रोक्तः पुरातनः ।
भक्तोऽसि मे सखा चेति रहस्यं ह्येतदुत्तमम्‌ ॥ ३ ॥
आज मेरे द्वारा वही यह प्राचीन योग यानी परमेश्वर के साथ अपने संबंध का विज्ञान तुमसे कहा जा रहा है क्योंकि तुम मेरे भक्त और मित्र हो, अतः तुम इस विज्ञान के दिव्य रहस्य को समझ सकते हो।
****************************************
आज वही दिव्य प्राचीन ज्ञान मैं
तुम्हें आज पुनः बताने जा रहा हूँ।
परमेश्वर और जीव के  संबंध का
विज्ञान फिर से तुम्हें समझा रहा हूँ।।

क्योंकि मेरे प्रिय सखा होने के साथ
भक्ति भी है तुम्हारे भीतर मेरे लिए।
इसलिए इस उत्तम ज्ञान का रहस्य
समझना सहज होगा  तुम्हारे लिए।।

Tuesday, November 1, 2016

अध्याय-4, श्लोक-2

एवं परम्पराप्राप्तमिमं राजर्षयो विदुः ।
स कालेनेह महता योगो नष्टः परन्तप ॥ २ ॥ 
इस प्रकार यह परम विज्ञान गुरु-परंपरा द्वारा प्राप्त किया गया और राजर्षियों ने इसी विधि से इसे समझा। किंतु कालक्रम में यह परम्परा छिन्न हो गई, अतः यह विज्ञान यथारूप में लुप्त हो गया लगता है।
****************************************
हे अर्जुन! इसप्रकार यह परम विज्ञान
गुरु-शिष्य परम्परा द्वारा लिया गया।
राज-ऋषियों ने दिव्य ज्ञान को इसी
पारम्परिक विधि से ही ग्रहण किया।।

किंतु समय के प्रभाव में यह परंपरा 
छिन्न-भिन्न होकर  नष्ट-सी हो गयी।
विज्ञान से युक्त परम  ज्ञान की बातें 
कालक्रम में मानो लुप्त ही हो गयी।।

अध्याय-4, श्लोक-1

श्री भगवानुवाच
इमं विवस्वते योगं प्रोक्तवानहमव्ययम्‌ ।
विवस्वान्मनवे प्राह मनुरिक्ष्वाकवेऽब्रवीत्‌ ॥ १ ॥
भगवान श्रीकृष्ण ने कहा - मैंने इस अमर योगविद्या का उपदेश सूर्यदेव विवस्वान को दिया और विवस्वान ने मनुष्यों के पिता मनु को उपदेश दिया और मनु ने इस का उपदेश इक्ष्वाकु को दिया।
********************************************
भगवान कृष्ण बता रहे कि मैंने ही इस 
अमर योग विद्या को अवतरित किया।
सृष्टि के प्रारम्भ में इस दिव्य ज्ञान को 
सूर्य के पुत्र विवस्वान को मैंने दिया।।

विवस्वान ने इस अविनाशी विद्या को 
मनुष्यों के पिता मनु तक पहुँचाया।
महाराज मनु ने आगे इस उपदेश को 
अपने पुत्र राजा इक्ष्वाकु को बताया।।